कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम सिंघनपुरी जंगल, कुम्हारी, खोलवा और टाटावाही का दौरा कर ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं, उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए और क्षेत्र के विकास के लिए कई निर्माण कार्यों की घोषणाएं कीं।
दौरे के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल तब देखने को मिला, जब ग्राम सिंघनपुरी जंगल में सड़क किनारे खड़े बच्चों की टोली को देखकर उप मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें पास की दुकान पर ले जाकर चॉकलेट दिलाई। इस दौरान बच्चों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य तेजी से पूरे किए जाएं।
उन्होंने ग्राम सिंघनपुरी जंगल में शीतला मंदिर परिसर के पास मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपए तथा बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 3 लाख रुपए, कुम्हारी में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपए, खोलवा में नवीन आंगनबाड़ी भवन और डोम शेड निर्माण तथा कटोरी में समतलीकरण कार्य के लिए 2 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। वहीं टाटावाही के धनौरा वार्ड में मंच, शेड, हैंडपंप और सीसी रोड निर्माण सहित कई विकास कार्यों की भी घोषणा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता संतोष मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि परदेशी पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
