बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के ग्राम सिमरिया (ब) में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय विक्रम मानिकपुरी, पिता प्रताप मानिकपुरी, निवासी सिमरिया (ब) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने बरसाती नाले के पास मुख्य मार्ग किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं, गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे पुलिस हत्या की आशंका से जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

