ब्रिटेन कैबिनेट में भारतीय मूल के युवाओं का दबदबा, तीन सांसदों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Follow Us

लंदन। ब्रिटेन की नई सरकार में भारतीय मूल के सांसदों का प्रभाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने मंत्रिमंडल विस्तार में भारतीय मूल के तीन युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारियां देकर नई राजनीतिक तस्वीर पेश की है। सबसे ज्यादा चर्चा 36 वर्षीय कनिष्क नारायण की नियुक्ति को लेकर है। पहली बार सांसद बने कनिष्क को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) मंत्री बनाया गया है। डिजिटल तकनीक और भविष्य की नीतियों के लिहाज से यह मंत्रालय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा भारतीय मूल की सिख सांसद हरप्रीत उप्पल को सहायक सचेतक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सतवीर कौर को सुरक्षा, महिला एवं बालिका हिंसा रोकथाम और समानता मामलों का मंत्री बनाया गया है। नई टीम में हिंदू और सिख समुदाय से जुड़े कई सांसदों को स्थान मिला है। श्रीलंकाई मूल की उमा कुमारन को भी विदेश मंत्रालय में कनिष्ठ मंत्री बनाया गया है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ये नियुक्तियां ब्रिटेन में बढ़ती सामाजिक विविधता और भारतीय समुदाय की मजबूत भागीदारी को दर्शाती हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल बदलाव में कुछ पुराने नेताओं को जगह नहीं मिली है। सीमा मल्होत्रा और प्रीत कौर गिल अब बैकबेंच सांसद के रूप में काम करेंगी।