धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सियासी हलचल तेज, देवेंद्र फडणवीस दिल्ली रवाना; अमित शाह से करेंगे मुलाकात

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि फडणवीस केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में केंद्र सरकार में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर चर्चा हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र में नए चेहरे को जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसी बीच शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नाम को लेकर भी अटकलें तेज हैं। सूत्रों का कहना है कि उन्हें केंद्र सरकार में कोई अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे को लेकर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने भी बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, इस दावे पर भी अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब केंद्र सरकार के अगले कदम और संभावित बदलावों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।