उत्तरप्रदेश। फतेहपुर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मदारीपुर कला स्थित मैदान में विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव का राजनीतिक संदेश देते हुए विकास को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जिलों में गिना जाता था।
रोजगार, स्वास्थ्य और विकास के पैमानों पर जिला पिछड़ा हुआ था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में तस्वीर बदली है और अब फतेहपुर आकांक्षी जिला नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी, जबकि आज पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था
उन्होंने मेडिकल कॉलेज, पुल, सड़क, बिजली, निवेश, अस्पताल और कंपोजिट विद्यालय जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था और किसानों, युवाओं व आम जनता की उपेक्षा की जाती थी।
दोषियों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा के शासन में युवाओं का शोषण हुआ और नकल माफिया को संरक्षण मिला। कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नीट परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। वहीं, पेपर लीक पर संसद में बिल भी आएगा।
सिर्फ जेल या जहन्नुम का रास्ता बचा
कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि माफिया और अपराधियों के लिए उत्तर प्रदेश में अब कोई जगह नहीं है। ऐसे लोगों के लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम का रास्ता बचा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में माफिया पर प्रभावी लगाम लगी है। साथ ही आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जे किए, जिन्हें अब हटाया जा रहा है।
युवाओं को नई पहचान और सम्मान दिलाया
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने देश के युवाओं को नई पहचान और सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि यदि फतेहपुर सदर विधानसभा की जनता भाजपा को और मजबूत जनादेश देगी तो जिले का विकास कई गुना गति से आगे बढ़ेगा।
