राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का खाता खुला, झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में जीता कांस्य

Follow Us

नई दिल्ली। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत को पहला पदक मिल गया है। पुरुषों की हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। झंडू ने फाइनल मुकाबले में अपने दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम वजन उठाकर 130.9 अंक हासिल किए और पोडियम पर जगह बनाई। उन्होंने प्रतियोगिता की शुरुआत 181 किलोग्राम वजन उठाकर की थी। हालांकि, अंतिम प्रयास में 196 किलोग्राम वजन उठाने में वह सफल नहीं हो सके और रजत पदक से मामूली अंतर से चूक गए।

इस स्पर्धा में नाइजीरिया के रिलुवान इद्रिस ने 132.8 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131 अंक हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। पदक जीतने के बाद झंडू कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत के लिए पदक जीतना उनके लिए बेहद गर्व का पल है। उन्होंने अपने माता-पिता और कोच का आभार भी जताया।

बिहार के नालंदा जिले के हरनौत गांव से आने वाले झंडू ने कई चुनौतियों को पार कर यह मुकाम हासिल किया है। पोलियो से प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने खेल के प्रति जुनून नहीं छोड़ा। शुरुआत में शॉट पुट और डिस्कस थ्रो करने वाले झंडू ने बाद में पैरा पावरलिफ्टिंग में अपनी पहचान बनाई।