नई दिल्ली। पेपर लीक विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रतिक्रिया सामने आई है। CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने इसे आंदोलन और लोकतंत्र की जीत बताया है। धर्मेंद्र प्रधान ने अपने एक्स हैंडल पर इस्तीफे की जानकारी साझा की थी। इसके बाद अभिजीत दिपके ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “हमने कर दिखाया।” उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से लोग कह रहे थे कि सरकार झुकने वाली नहीं है, लेकिन लोकतंत्र में जनता की आवाज की अहमियत होती है।
दिपके ने कहा, “हर कोई झुकता है, झुकाने वाला चाहिए।” उन्होंने इसे छात्रों और आंदोलन की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि CJP अपना संघर्ष जारी रखेगी। CJP प्रमुख ने सरकार को अपनी अन्य मांगों की भी याद दिलाई। उन्होंने NEET पेपर लीक की वजह से आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने और प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर बल प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई। इससे पहले CJP ने दावा किया था कि सरकार ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने पर सहमति जताई है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP ने इसे अपने आंदोलन की जीत बताया है।
