18 वर्षीय अनाहत सिंह ने रचा इतिहास, वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनीं

Follow Us

नई दिल्ली। भारत की उभरती हुई स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 18 वर्षीय अनाहत कनाडा के ओंटारियो में आयोजित महिला सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में अनाहत ने मिस्र की बारब सामेह को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ वह अब भारत की पहली वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनने से सिर्फ एक कदम दूर हैं।

फाइनल में अनाहत का मुकाबला मिस्र की रुकैया सलेम से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार आज रात करीब 10:30 बजे खेला जाएगा। अनाहत का पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में हबीबा रिज़क को 3-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। इसके साथ ही वह लगातार दो बार वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी बन गईं। पिछले संस्करण में अनाहत ने सेमीफाइनल तक का सफर तय कर कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन में और सुधार करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। अब उनकी नजरें गोल्ड मेडल जीतकर भारतीय स्क्वैश इतिहास में नया अध्याय लिखने पर टिकी हैं।