सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे सड़क किनारे फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान गोंदा गांव निवासी हरिनंदन राजवाड़े के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने हरिनंदन की बेरहमी से पिटाई की और उसे केवरा गांव के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

