कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका CMO कार्यालय सील, निरीक्षण में अनुपस्थित रहने पर हुई कार्रवाई

Follow Us

जशपुर। नगर पालिका के सीएमओ कार्यालय को कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों की टीम ने सील कर दिया। हालांकि कार्रवाई के कुछ समय बाद ही सील हटा दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नगर में चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए कलेक्टर रोहित व्यास, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ पहुंचने वाले थे। तय कार्यक्रम के अनुसार सभी लोग मौजूद थे, लेकिन नगर पालिका सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय मौके पर नहीं पहुंचे।

नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कलेक्टर को बताया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों और परिषद में लिए गए निर्णयों का सही तरीके से पालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सीएमओ की अनुपस्थिति को लेकर शिकायत की।

इसके बाद कलेक्टर ने सीएमओ से मोबाइल पर संपर्क किया। सीएमओ ने बताया कि वह विभागीय बैठक के सिलसिले में अंबिकापुर स्थित जॉइंट डायरेक्टर कार्यालय में हैं। सीएमओ के जवाब से असंतुष्ट होकर कलेक्टर ने उनके कार्यालय को सील करने के निर्देश दिए।

सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि वह न्यायालयीन कार्य से बिलासपुर गए थे और इसके बाद जेडी कार्यालय अंबिकापुर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वह शाम तक वापस लौट आएंगे।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों के निरीक्षण की योजना करीब एक सप्ताह पहले तय थी, इसके बावजूद सीएमओ शहर से बाहर रहे। इसी वजह से उन्होंने कलेक्टर से शिकायत की थी, जिस पर कार्रवाई की गई।