हसदेव आरती का पहला वार्षिकोत्सव 25 जुलाई को, माँ सर्वमंगला घाट पर होगा भव्य आयोजन

Follow Us

कोरबा। हसदेव नदी के संरक्षण और जनजागरूकता को समर्पित हसदेव आरती के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रथम वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा आयोजित यह विशेष कार्यक्रम देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को शाम 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में संपन्न होगा।

समिति पिछले एक वर्ष से हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता तथा तटों के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी उद्देश्य से हर माह पूर्णिमा के दिन माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यावरण प्रेमी शामिल होते हैं। वार्षिकोत्सव का आयोजन संत राम रूप दास महात्यागी जी, प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय संत समिति छत्तीसगढ़ ‘रामाश्रय’ श्री हरिहर क्षेत्र केदार, मदकू द्वीप के सानिध्य में होगा। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में महापौर परिषद के सदस्य भी शामिल होंगे। नमामि हसदेव सेवा समिति ने जिलेवासियों, श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि हसदेव नदी को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए समाज में जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।