अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर से तीन अपचारी बालकों के फरार होने से हड़कंप मच गया। तीनों ने बाथरूम के रोशनदान की ग्रिल उखाड़कर सेंटर से भागने में सफलता हासिल की। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी फरार बालकों की तलाश में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सेंटर में रह रहे अपचारी बालक योग के लिए उठे थे। योग समाप्त होने के बाद तीन बालक बाथरूम पहुंचे, जहां उन्होंने रोशनदान की ग्रिल उखाड़ दी और उसी रास्ते से फरार हो गए। प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर में 16 से 18 वर्ष की आयु के अपचारी बालकों को रखा जाता है।
गौरतलब है कि हाल ही में अंबिकापुर के कन्या परिसर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से भी 13 अपचारी बालक फरार हो गए थे। उस घटना में 14 बालकों ने पुराने दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर परिसर से बाहर निकलने का प्रयास किया था, जिनमें से एक को तत्काल पकड़ लिया गया था, जबकि शेष फरार हो गए थे। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ फरार अपचारी बालकों की तलाश में जुटी हुई है।
