नीट पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Follow Us

मुंगेली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर लोरमी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और कथित अनियमितताओं की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सांकेतिक रूप से पुतला दहन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रशासन को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। पार्टी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग की है। साथ ही संसद में पेपर लीक के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराने और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू करने की भी मांग की गई।

कांग्रेस ने यह भी मांग की कि दिल्ली में पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों और युवाओं पर दर्ज मामलों को वापस लिया जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ नारेबाजी की।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।