वाहन स्टैंड की आड़ में चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने मारा छापा; 8 जुआरी गिरफ्तार, 18 हजार रुपये बरामद

Follow Us

कोरबा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मानिकपुर चौकी पुलिस ने वाहन स्टैंड की आड़ में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामला कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित वाहन स्टैंड के पास कुछ लोगों द्वारा जुआ खेलने की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना में बताया गया था कि वाहन स्टैंड की आड़ लेकर खुलेआम जुए का संचालन किया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने एक टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 8 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए सभी आरोपी वाहन चालक हैं। मौके से पुलिस ने जुआ खेलते हुए आरोपियों के कब्जे से करीब 18 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल भी मिले हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि वाहन स्टैंड के आसपास जुआ खेलने के साथ शराबखोरी भी की जाती थी। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई की। मौके से 8 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।