शेयर मार्केट में पैसे डबल करने का झांसा देकर 2 करोड़ से ज्यादा की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

Follow Us

जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और बैंक की चेकबुक जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा 24 मई को तब हुआ जब हेमदत्त केशरवानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

आरोपियों की बातों में आकर शिकायतकर्ता समेत अन्य लोगों ने चेक और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 2,04,97,502 रुपये उनके बैंक खातों में जमा करा दिए। पुलिस के मुताबिक, विश्वास बनाए रखने के लिए आरोपियों ने शुरुआत में 39,99,400 रुपये वापस किए, लेकिन बाद में शेष राशि लौटाने से इनकार कर दिया और कथित रूप से रकम का गबन कर लिया।

मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। जब्त सामग्री: लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और बैंक चेकबुक।