शेयर मार्केट क्रैश: बाजार खुलते ही टूटा सेंसेक्स, निफ्टी 24 हजार के नीचे, आईटी- बैंकिंग शेयरों पर दबाव

Follow Us

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती घंटों में सेंसेक्स 300 से ज्यादा अंकों की गिरावट के साथ 76,400 के स्तर के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 100 अंक फिसलकर 23,900 के करीब कारोबार करता नजर आया। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में देखने को मिला। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड करीब 2 फीसदी बढ़कर 96 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम, कच्चे तेल की कीमतें और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां आगे बाजार की दिशा तय कर सकती हैं। संस्थागत निवेशकों की बात करें तो विदेशी निवेशकों (FII) ने बिकवाली जारी रखी, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की ओर से भी दबाव देखने को मिला। इससे पहले बुधवार को भी सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी।