नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के ऐलान के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि, देश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी सरकार की है और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए छात्रों की मांगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, छात्रों की प्रमुख मांगों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद से हटने, छात्रों से माफी मांगने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जांच शामिल है।
वहीं, नीट पेपर लीक मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही सीजेपी ने भी प्रधानमंत्री के ऐलान के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। संगठन की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग की गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नीट पेपर लीक मामले में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि, युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पेपर लीक में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अब इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
