रायपुर। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर पालिक निगम रायपुर ने गोलबाजार पेटी लाइन में विशेष अभियान चलाया। दक्षिण विधायक सुनील सोनी , महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-4 की टीम ने नाली पर बने अवैध पाटों को हटाकर जल निकासी सुचारु की।
नगर निगम जोन-4 क्षेत्र के स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक-44 स्थित गोलबाजार पेटी लाइन में 15 दुकानों के सामने नालियों पर बनाए गए अवैध पाटों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह , उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर और जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेंद्र चंद्राकर सहित निगम की टीम मौजूद रही।
अवैध निर्माण हटाने के बाद नालियों की सफाई कराई गई, जिससे गंदे पानी की निकासी सुगम हो सकी। निगम अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करना और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
