रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल माहौल तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने और उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। रायपुर में आयोजित होने वाला 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन और व्यापार विस्तार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई गति देगा और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीकों को अपनाने तथा अपने कारोबार का विस्तार करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
