प्रेग्नेंसी में भी करिश्मा तन्ना का फिटनेस फोकस जारी, 42 की उम्र में बनने वाली हैं मां; शेयर कीं खास तस्वीरें

Follow Us

मुंबई। टीवी और फिल्म अभिनेत्री करिश्मा तन्ना इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेत्री इस खास दौर को पूरी तरह एंजॉय कर रही हैं और अपनी सेहत का भी खास ख्याल रख रही हैं। करिश्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उनकी प्रेग्नेंसी जर्नी की झलक देखने को मिल रही है। करिश्मा तन्ना ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह अपना पसंदीदा खाना एंजॉय करती, परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताती और फिटनेस रूटीन को फॉलो करती नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में वह वर्कआउट करती हुई भी दिखाई दे रही हैं।

अभिनेत्री इससे पहले भी प्रेग्नेंसी के दौरान अपने वर्कआउट सेशन की झलकियां फैंस के साथ शेयर कर चुकी हैं। कुछ समय पहले उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह जिम में डांस करती नजर आई थीं। अपने लेटेस्ट पोस्ट के साथ करिश्मा ने कैप्शन में लिखा, “जिंदगी आजकल”। तस्वीरों में वह केसर आम का आनंद लेती भी नजर आ रही हैं, जो उन्हें नीता अंबानी की ओर से भेजे गए थे। इसके अलावा उन्होंने चाइनीज फूड एंजॉय करते हुए और मिरर सेल्फी की तस्वीरें भी शेयर की हैं। एक तस्वीर में करिश्मा तन्ना अपने पति वरुण बंगेरा के साथ नजर आ रही हैं। बता दें कि करिश्मा और वरुण ने साल 2022 में शादी की थी। अब दोनों अपने पहले बच्चे के स्वागत के लिए तैयार हैं।