मेले में नाबालिग से अभद्रता, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में रथ मेले के दौरान नाबालिग बालिका से अभद्रता और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाना लैलूंगा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 17 जुलाई को ग्राम बगुडेगा में आयोजित रथ मेले में आरोपी चुकू शिकारी ने पहले उसका पीछा किया और बाद में मेले से कुछ दूरी पर पहुंचकर उसके साथ अभद्र हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

डर और सामाजिक संकोच के कारण पीड़िता ने तत्काल शिकायत नहीं की। बाद में उसने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद 19 जुलाई को थाना लैलूंगा में मामला दर्ज कराया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी चुकू शिकारी (20), निवासी ग्राम सातकियारी, जिला देवगढ़ (ओडिशा), हाल मुकाम ग्राम बगुडेगा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 76, 77 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध दर्ज किया। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।