6 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल गिरफ्तार, हत्या प्रयास समेत दो दर्जन से अधिक मामलों में था आरोपी

Follow Us

रायपुर। राजधानी पुलिस ने 6 साल से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर संजय रक्सेल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ खमतराई थाने में दर्ज गंभीर अपराध के मामले में स्थायी वारंट जारी था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

जानकारी के अनुसार, खमतराई थाना में दर्ज अपराध क्रमांक  212/2020 के तहत आरोपी के खिलाफ धारा  353, 307, 34 भादवि  के तहत मामला दर्ज था। घटना के बाद से ही संजय रक्सेल फरार चल रहा था। लंबित गंभीर मामलों और फरार आरोपियों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

निर्देश के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर उसके संभावित ठिकानों, परिचितों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी संजय रक्सेल थाना मौदहापारा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, चोरी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नारकोटिक एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी संजय रक्सेल पिता अन्नू रक्सेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी केके रोड मौदहापारा, रायपुर का रहने वाला है।