नई दिल्ली। सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन सुरंग गिरने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके तहत हादसे में मृत लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए कहा कि नामची में हुई दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। सुरंग हादसे के बाद प्रशासन और बचाव दल मौके पर सक्रिय हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की ओर से कहा गया है कि हादसे में प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री की ओर से घोषित आर्थिक मदद से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है।
