बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। घटना ग्राम पंचायत कुसमूली की है, जहां पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक विजेंद्र श्रीवास शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी वह शराब पीकर अपने पिता मोहित राम श्रीवास से झगड़ा कर रहा था। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद विवाद मारपीट में बदल गया।
गुस्से में आकर पिता ने बेटे पर डंडे से हमला कर दिया। डंडे का वार सिर पर लगने से विजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और बेटे की नशे की आदत को घटना की वजह माना जा रहा है।
