धमतरी। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 8 निरीक्षकों के स्थानांतरण और नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न थाना और चौकियों में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग ने बताया कि इस बदलाव का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना है, ताकि अपराध नियंत्रण, बेहतर विवेचना और आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
स्थानांतरण के तहत निरीक्षक शरद ताम्रकार को रक्षित केंद्र धमतरी से थाना प्रभारी अर्जुनी, अरुण साहू को नगरी से भखारा, उमेश पाटिल को रक्षित केंद्र धमतरी से सिहावा, समीर तिवारी को रक्षित केंद्र धमतरी से चौकी प्रभारी बिरेझर और सन्नी दुबे को रक्षित केंद्र धमतरी से थाना प्रभारी रुद्री बनाया गया है।
वहीं निरीक्षक तापेश्वर नेताम को भखारा से थाना प्रभारी नगरी, मधुनाथ ध्रुव को रक्षित केंद्र धमतरी से थाना प्रभारी बोराई और चन्द्रकांत साहू को अर्जुनी से थाना प्रभारी साइबर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार, जिन थाना और चौकी क्षेत्रों में पहले सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी प्रभारी के रूप में पदस्थ थे, वहां अब निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इससे संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की मैदानी कार्रवाई को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
