बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक किन्नर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में सड़क किनारे एक किन्नर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तनु खान किन्नर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के साथ पहले मारपीट की गई और इसके बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंके जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या का संदेह परिचित लोगों पर जताया जा रहा है। कुछ जानकारी के मुताबिक, मामले में साथी किन्नरों पर भी शक किया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
