घायल छात्रों से मिले राहुल गांधी, बोले- ‘पीएम मोदी माफी मांगें, देश का टेस्टिंग सिस्टम हो चुका है बर्बाद’

Follow Us

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। आरएमएल अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात करने के बाद उन्होंने कहा कि देश का टेस्टिंग सिस्टम पूरी तरह टूट चुका है और इसे अंदर से खोखला कर दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने और उनके खिलाफ हो रही पुलिस कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की।

राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि शिक्षा व्यवस्था लगभग खत्म हो चुकी है और छात्रों की शिकायतें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही है और सरकार के समक्ष कई बार अपने सुझाव भी रख चुकी है।

सरकार द्वारा छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताने और कार्रवाई किए जाने के दावों पर राहुल गांधी ने कहा कि असली मुद्दा देश के युवाओं के साथ हो रहे व्यवहार का है। उनके मुताबिक युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों के अधिकांश रास्ते बंद हो चुके हैं और प्रतियोगी परीक्षाएं ही एक उम्मीद थीं, जिन्हें भी बर्बाद कर दिया गया है।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस का प्रभाव बढ़ गया है और विश्वविद्यालयों में प्रचारकों को कुलपति बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के पास इतना संसाधन भी नहीं है कि वे छोटा व्यवसाय शुरू कर सकें।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज गृह मंत्रालय के अधीन हुआ है, इसलिए गृह मंत्री को भी इस्तीफा देना चाहिए। राहुल गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम की अंतिम जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बताई।