जिला अस्पताल की OPD में निकला कोबरा, डॉक्टर की टेबल के नीचे फन फैलाकर बैठा था सांप; VIDEO देख सहम जाएंगे

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डॉक्टर के कंप्यूटर टेबल के नीचे एक जहरीला कोबरा फन फैलाकर बैठा मिला। सांप को देखते ही मरीजों और अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ओपीडी में डॉक्टर की टेबल के नीचे से फुफकारने की आवाज सुनाई दी। जब कर्मचारियों ने टेबल के नीचे देखा तो वहां एक कोबरा फन फैलाए बैठा था। सांप को देखते ही आसपास मौजूद मरीज और अस्पताल स्टाफ घबरा गए, जिसके बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र को खाली कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।