गरियाबंद। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को ‘छत्तीसगढ़ मोटो क्वींस’ की विशेष बाइक रैली आयोजित की गई। गरियाबंद से कुल्हारीघाट तक निकाली गई इस रैली में 30 महिला बाइक राइडर्स ने उत्साह के साथ भाग लिया और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। रैली को पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर और डीएफओ वरुण जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रास्ते भर महिला राइडर्स ने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने का संदेश लोगों तक पहुंचाया।
यह रैली केवल सड़क सुरक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि गरियाबंद के प्राकृतिक सौंदर्य और इको-टूरिज्म को भी नई पहचान देने का माध्यम बनी। घने जंगलों, हरियाली और खूबसूरत वादियों से गुजरते हुए बाइकर्स कुल्हारीघाट पहुंचे, जहां उन्होंने जिले की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया। आयोजकों का कहना है कि, ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति उत्साह बढ़ता है, साथ ही स्थानीय पर्यटन को भी नई पहचान मिलती है। यह पहल सड़क सुरक्षा और प्रकृति संरक्षण, दोनों के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

