सड़क नहीं होने से गांव तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, 7 किमी तक खाट पर मरीज को ले गए ग्रामीण

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाकों में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। उसूर विकासखंड के रायगुड़ा गांव में सड़क नहीं होने के कारण एक बीमार मरीज तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। मजबूरी में ग्रामीणों और 108 एंबुलेंस कर्मियों ने मरीज को करीब 7 किलोमीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, रायगुड़ा गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव के अंदर तक नहीं जा पाई। इसके बाद ग्रामीणों ने खेतों और कच्चे रास्तों से होते हुए मरीज को खाट पर लिटाकर पैदल ले जाना शुरू किया। करीब 7 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद मरीज को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया।

इस घटना ने एक बार फिर दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क कनेक्टिविटी की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क निर्माण और बेहतर सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के मौसम में गांव तक पहुंचना और भी मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे ज्यादा असर बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से रायगुड़ा तक सर्व मौसम सड़क बनाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की है।

मामले में उसूर एसडीएम भूपेंद्र कुमार गावरे ने कहा कि यह जानकारी उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है। एसडीएम ने बताया कि जांच के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।