जगदलपुर। बस्तर जिले में ATM चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। रविवार देर रात बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ नगर बाजार स्थित ATM मशीन को उखाड़ लिया और कैश लूटने की कोशिश की, लेकिन वे रकम निकालने में सफल नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार, आरोपी ATM तक पहुंचे और मशीन को उखाड़ने के बाद कैश बॉक्स से पैसे निकालने का प्रयास किया। काफी कोशिशों के बावजूद जब वे कैश निकाल नहीं पाए तो कैश बॉक्स को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

