कोरबा। जिले में तेज रफ्तार भारी वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार बाईपास में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक सीएसईबी के डीएसपीएम प्लांट में कर्मचारी था। वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान राताखार बाईपास के पास तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि, मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए और घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, राताखार बाईपास पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
