बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला के कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग स्थित पर्यावरण पार्क के पास बेसुध अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता कांकेर जिले की रहने वाली है। महिला के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना में तीन अज्ञात लोगों के शामिल होने का आरोप है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
