नीट पेपर लीक के खिलाफ रायपुर में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, सोनम वांगचुक के समर्थन में लगे नारे

Follow Us

रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाए जाने के विरोध और नीट पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को रायपुर में युवाओं ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-युवा अंबेडकर चौक पर बारिश के बीच तख्तियां और पोस्टर लेकर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए तथा नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में सोनम वांगचुक भी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर थे। छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को ठोस और स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल न उठें। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। छात्र-युवा संगठनों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।