महासमुंद में शाला त्यागी बालिकाओं को बांटी गई शैक्षणिक सामग्री, पढ़ाई जारी रखने के लिए किया गया प्रेरित

Follow Us

महासमुंद। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) महासमुंद द्वारा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में शाला त्यागी बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बैग, कॉपी और पेन का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को दोबारा नियमित शिक्षा से जोड़ना और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

इस दौरान बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, नियमित रूप से विद्यालय आने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला सशक्तिकरण केंद्र की टीम ने कहा कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा का अधिकार है और शिक्षा ही आत्मनिर्भर एवं सशक्त जीवन की मजबूत नींव है।

शैक्षणिक सामग्री प्राप्त करने के बाद छात्राओं ने खुशी जताई और नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। विभाग ने बताया कि शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए जागरूकता एवं सहयोगात्मक गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, महिला सशक्तिकरण केंद्र की टीम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सरपंच, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।