तनाव के बीच भी संवाद जारी: इस्लामाबाद में एससीओ बैठक में भारत की भागीदारी, सीमा सुरक्षा-आतंकवाद पर हुई अहम चर्चा

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बावजूद क्षेत्रीय सहयोग के मंच पर संवाद जारी है। शुक्रवार को इस्लामाबाद में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सीमा सुरक्षा प्रमुखों की 12वीं बैठक में भारत ने हिस्सा लिया। बैठक की मेजबानी पाकिस्तान ने की, जिसमें चीन, रूस, ईरान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिज़ गणराज्य, बेलारूस और अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद, सीमा पार अपराधों और संयुक्त अभियानों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सदस्य देशों ने ‘सॉलिडैरिटी-2025’ संयुक्त सीमा अभियान की समीक्षा करते हुए इसके परिणामों को मंजूरी दी और ‘सॉलिडैरिटी-2026’ के रोडमैप पर सहमति जताई। साथ ही 2027 की कार्ययोजना और ताजिकिस्तान द्वारा ‘सॉलिडैरिटी-2027’ की मेजबानी के प्रस्ताव का भी समर्थन किया गया।

भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि,द्विपक्षीय मतभेदों के बावजूद वह बहुपक्षीय मंचों पर सक्रिय सहयोग जारी रखेगा। एससीओ की स्थापना 2001 में क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुई थी। भारत 2017 से इसका स्थायी सदस्य है और संगठन आतंकवाद, कट्टरपंथ तथा अलगाववाद जैसी चुनौतियों से मिलकर निपटने पर विशेष जोर देता है।