नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले को लेकर केंद्र सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अब शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी रेलवे स्टेशन, कठुआ कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की और बताया कि यह निर्णय स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सरकार ने यह कदम देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कैप्टन सुनील कुमार चौधरी को सम्मान देने के उद्देश्य से उठाया है।
नए नाम के जरिए उनकी वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। कठुआ निवासी कैप्टन सुनील कुमार चौधरी ने देश सेवा के लिए सेना को अपना करियर चुना। शुरुआत में उन्होंने प्रबंधन की पढ़ाई की थी, लेकिन देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर भारतीय सेना में शामिल हुए। सेना में रहते हुए उन्होंने अपने साहस और समर्पण से अलग पहचान बनाई। इससे पहले जम्मू-कश्मीर में उधमपुर रेलवे स्टेशन का नाम भी शहीद कैप्टन तुषार महाजन के सम्मान में बदला गया था। केंद्र सरकार का कहना है कि, ऐसे फैसले देश के वीर जवानों के बलिदान और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
