बेमौसम बारिश से फसल बचाने का अलर्ट! जशपुर कृषि विभाग ने किसानों के लिए जारी की 7 बड़ी सलाह

Follow Us

जशपुर। जिले में लगातार हो रही बेमौसम बारिश और बादलों के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम की इस चुनौती को देखते हुए कृषि विभाग ने फसलों को नुकसान से बचाने के लिए किसानों के लिए सात अहम सुझाव जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि समय रहते सही प्रबंधन अपनाने से जलभराव, फफूंदजनित रोग और उत्पादन में होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में 6 से 8 घंटे से अधिक पानी जमा न रहने दें और जरूरत पड़ने पर तुरंत निकासी की व्यवस्था करें। फसलों को सहारा देने, मल्चिंग अपनाने और संक्रमित पत्तियों को हटाने की भी सलाह दी गई है ताकि रोग फैलने का खतरा कम हो। साथ ही कीटनाशक और फफूंदनाशक दवाओं का उपयोग केवल कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करने को कहा गया है।

विभाग ने किसानों से खरीफ और रबी की प्रमुख फसलों का बीमा कराने की भी अपील की है, ताकि प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए किसान नियमित रूप से खेतों का निरीक्षण करें और किसी भी समस्या पर तुरंत कृषि विभाग से संपर्क करें। समय पर उठाए गए ये कदम फसल और आय दोनों की सुरक्षा में मददगार साबित होंगे।