जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय द्वारा जनहित में दी गई इस एम्बुलेंस से क्षेत्र के मरीजों को अब आपात स्थिति में बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
बंदरचुवां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस पहल के लिए सालिक साय की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किए गए ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में एम्बुलेंस सेवा की अहम भूमिका होती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने बताया कि एम्बुलेंस के संचालन की पूरी जिम्मेदारी उनके द्वारा उठाई जाएगी। इसमें वाहन का रखरखाव, चालक का मानदेय और ईंधन का खर्च भी शामिल है। यह सुविधा कांसाबेल क्षेत्र के लोगों के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नई एम्बुलेंस मिलने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
