मुंबई। आस्था, सेवा और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक माने जाने वाले संत बाबा नीम करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। शनिवार को टाइम्स म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर जारी किए गए करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फिल्म में बाबा नीम करौरी के जीवन, उनके चमत्कारों, मानव सेवा और आध्यात्मिक संदेशों को सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। अभिनेता शोभिना सत्या इस फिल्म में बाबा नीम करौरी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि इसका निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।
ट्रेलर की शुरुआत वर्ष 1930 के उत्तर भारत के माहौल से होती है। एक घबराया हुआ व्यक्ति सुबह-सुबह स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) के घर पहुंचकर कहता है, “साहब, भूत!” इस पर अधिकारी हंसते हुए जवाब देता है, “सुबह-सुबह भांग खाकर आए हो क्या?” लेकिन वह व्यक्ति दोबारा कहता है, “साहब, वो आदमी नहीं… भूत है।” इसके बाद पहली बार बाबा नीम करौरी के रूप में शोभिना सत्या की एंट्री होती है और यहीं से कहानी रहस्य, आस्था और आध्यात्मिकता के सफर पर आगे बढ़ती है।
ट्रेलर में बाबा नीम करौरी से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध घटनाओं में से एक को भी दिखाया गया है। रेलवे कर्मचारी उन्हें चलती ट्रेन से उतार देते हैं, लेकिन जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ने की कोशिश करती है, वह पूरी तरह रुक जाती है। काफी प्रयासों के बावजूद ट्रेन अपनी जगह से नहीं हिलती। इस दौरान बाबा शांत भाव से कहते हैं, “ठीक है बेटा, हम तो बहता पानी हैं, कहीं भी रम जाएंगे… सीता राम।” यह दृश्य बाबा के जीवन से जुड़े चर्चित प्रसंग को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास करता है।
इसके बाद ट्रेलर बाबा नीम करौरी के आध्यात्मिक जीवन की यात्रा को दिखाता है। इसमें बताया गया है कि उन्होंने सांसारिक जीवन से आध्यात्मिक मार्ग की ओर कैसे कदम बढ़ाया, उनके इस निर्णय पर परिवार की क्या प्रतिक्रिया रही और उनकी पत्नी ने उस समय क्या कहा। धीरे-धीरे उनके अनुयायियों की संख्या बढ़ती है और लोग उन्हें केवल संत ही नहीं, बल्कि संकटमोचक के रूप में भी देखने लगते हैं। ट्रेलर यह संदेश भी देता है कि जिसने सच्चे मन से बाबा की शरण ली, उसे कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलने का मार्ग अवश्य मिला।
फिल्म केवल चमत्कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा के मानवीय और सामाजिक संदेशों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करती है। एक दृश्य में वह जंगल से गुजर रहे डरे हुए लोगों से कहते हैं, “हनुमान चालीसा पढ़ते हो, फिर भी डरते हो?” वहीं एक अन्य दृश्य में सेवा और दान का वास्तविक अर्थ समझाते हुए कहते हैं, “भगवान को सोने का चढ़ावा नहीं चाहिए, चाहिए तो बस उनके भक्तों को प्रसाद मिले और भूखों को भोजन।” ट्रेलर के अंत में बाबा का भावुक विदाई दृश्य भी दिखाया गया है, जहां वह कहते हैं, “हनुमान जी को छोड़कर जा रहे हैं, ध्यान रखना उनका।”
फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शोभिना सत्या के अलावा विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। आध्यात्मिक विषय पर आधारित यह फिल्म बाबा नीम करौरी के जीवन, उनकी शिक्षाओं, सेवा भावना और मानवता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करती है। ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अब फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। ‘हनुमान अंश’ 31 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

