राजनांदगांव। राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानपुरी नदी के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खराब होकर खड़ी पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ में दर्शन करने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहा था। लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के पास पिकअप अचानक खराब हो गई। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
