छत्तीसगढ़ में सुशासन का दावा: सीएम साय बोले- विकास, विश्वास और जनकल्याण सरकार की सबसे बड़ी ताकत

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास और जनादेश के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने चुनावी वादों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को जमीन पर उतारने का काम किया है।

मुख्यमंत्री साय ने किसानों, महिलाओं, गरीबों, युवाओं और आदिवासी समुदाय के लिए चलाई जा रही योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी, बोनस भुगतान, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए लाखों परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आर्थिक योजनाओं को बढ़ावा दिया गया है और बड़ी संख्या में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हुआ है। किसानों के लिए कृषि ऋण, सिंचाई विस्तार और फसल विविधीकरण जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और कानून व्यवस्था मजबूत करने को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि, नई औद्योगिक नीति से निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। ऊर्जा क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा और अन्य परियोजनाओं के विस्तार पर सरकार तेजी से काम कर रही है।