बलरामपुर में हाथी का आतंक, ग्रामीण को कुचलकर मार डाला; इलाके में दहशत का माहौल

Follow Us

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथियों का आतंक देखने को मिला है। राजपुर वन परिक्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक हाथी ने ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बालम साय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेवतपुर के नवापारा इलाके में चार हाथियों का दल विचरण कर रहा था। बारिश के बीच देर रात हाथियों का झुंड राजपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया और आसपास के घरों को नुकसान पहुंचाने लगा।

इसी दौरान ग्रामीण बालम साय अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे, तभी एक हाथी ने उन्हें पकड़ लिया और कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।