रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलनरत D.Ed अभ्यर्थियों का अनशन शुक्रवार को 206वें दिन भी जारी रहा। अभ्यर्थियों ने नया रायपुर स्थित धरना स्थल से दंडवत प्रणाम रैली निकालते हुए विधानसभा घेराव के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें धरना स्थल के मुख्य गेट पर ही रोक दिया। आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सरकार 2,300 रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है। उनका कहना है कि यह न केवल अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन है, बल्कि न्यायपालिका के आदेशों की भी अवहेलना है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि संविधान में न्यायपालिका को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है, लेकिन 206 दिनों से जारी शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका कहना है कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं हो रहा है, तो क्या प्रशासनिक तंत्र संविधान और अदालत से भी ऊपर हो गया है। उन्होंने सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और 2,300 रिक्त पदों पर नियुक्ति करने की मांग दोहराई। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन और अनशन जारी रहेगा।

