15 अगस्त की तैयारियां शुरू: रायपुर में CM विष्णुदेव साय करेंगे ध्वजारोहण, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर होगा विशेष आयोजन

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस वर्ष 15 अगस्त का आयोजन पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और देशभक्ति के माहौल में किया जाएगा। खास बात यह है कि इस वर्ष राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी शासकीय कार्यक्रमों में इसका सामूहिक गायन भी कराया जाएगा।

राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। वहीं जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रभात फेरी, खेलकूद, साहित्यिक कार्यक्रम और वृक्षारोपण जैसे आयोजन भी होंगे।

शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। इसके अलावा 15 अगस्त की रात सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण और राष्ट्रगान कराया जाए। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा केवल देशभक्ति से जुड़े गीतों के प्रसारण की अनुमति रहेगी।