नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वांगचुक मजाकिया अंदाज में कहते नजर आ रहे हैं कि वह 20 जुलाई तक जिंदा रहेंगे, ताकि समर्थकों के साथ संसद तक मार्च कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर मार्च सफल नहीं हुआ तो वह “भूत बनकर” वापस आएंगे। दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत कई मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं और पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।वीडियो में वांगचुक ने संसद तक प्रस्तावित मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि वह किसी भी स्थिति में 20 जुलाई तक बने रहना चाहते हैं, ताकि आंदोलनकारियों के साथ मार्च में शामिल हो सकें। उनके इस बयान को समर्थकों ने हल्के-फुल्के अंदाज में लिया है।
वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। लगातार उपवास के कारण उनका वजन कम हुआ है। बताया जा रहा है कि पिछले 20 दिनों में उनका करीब 9 किलो वजन घटा है। हालांकि शरीर में पानी का स्तर सामान्य बताया गया है, लेकिन मामूली डिहाइड्रेशन की स्थिति सामने आई है। डॉक्टरों ने लंबे समय तक भूख हड़ताल जारी रहने पर स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिमों की चेतावनी दी है। इस बीच कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनके आंदोलन को समर्थन दिया है। गौरतलब है कि CJP नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और सीबीएसई से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग कर रही है। सोनम वांगचुक 28 जून से इस आंदोलन में शामिल हुए हैं और तब से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
