NEET विवाद पर सोनम वांगचुक के आंदोलन को JCCJ का समर्थन, अमित जोगी बोले- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Follow Us

रायपुर। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में जारी आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने वांगचुक के संघर्ष, साहस और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की।

अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठने से युवाओं का भरोसा प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलनों को लोकतंत्र में जनता की आवाज बताते हुए कहा कि सरकार को विद्यार्थियों और प्रदर्शनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए और उचित कदम उठाने चाहिए। अमित जोगी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।