तेलीबांधा से आमानाका जा रहा ट्रक डिवाइडर से टकराकर नीचे गिरा, कोई जनहानि नहीं; पुलिस ने क्रेन से हटाया वाहन
रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ब्रिज के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा ट्रक (RJ 31 GB 3122) अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक कार (CG 04 MA 3271) भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था। संतोषी नगर ब्रिज के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कार सवार भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
