रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र में डबल अंडरगारमेंट के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर पहुंचा था और परीक्षा के दौरान प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था।
पुलिस के अनुसार, थाना डी.डी. नगर क्षेत्र स्थित आईडीजेड सरोना परीक्षा केंद्र में 15 जुलाई 2026 को आयोजित रेलवे भर्ती बोर्ड की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। निगरानी बढ़ाने पर सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आया कि वह छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था तथा कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था ताकि सुरक्षा जांच से बचकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सके। बरामद मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती थीं।
मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफताब (28 वर्ष) ,पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
