मुंबई। टीवी अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने एक बार फिर पशु प्रेम और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। मुंबई के जुहू स्थित सनी सुपर साउंड के बाहर उन्होंने एक कार के अंदर बंद कुत्ते को देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसकी मदद करने की कोशिश की। जया फिल्म ‘ओह माय डॉग’ देखने के लिए कार्यक्रम स्थल पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने एक खड़ी कार के अंदर कुत्ते को बंद देखा, जबकि उसका मालिक बाहर मौजूद था। अभिनेत्री ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लोगों से मदद की अपील की।
वीडियो में देखा गया कि कई लोग कुत्ते को बचाने की कोशिश कर रहे थे। कार की खिड़की थोड़ी खुली हुई थी, लेकिन उस छोटे से गैप से अंदर पहुंचकर कार को अनलॉक नहीं किया जा सका। मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और वाहन मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई। जया भट्टाचार्य ने कार मालिक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी पालतू जानवर को इस तरह कार के अंदर बंद छोड़ना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जानवरों की सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अभिनेत्री ने बताया कि वह करीब 30 मिनट तक मौके पर खड़ी रहीं और लगातार कोशिश करती रहीं कि कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। उन्होंने अपने फॉलोअर्स से भी इस मामले की जानकारी साझा करने की बात कही। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने जया भट्टाचार्य और रेस्क्यू में शामिल लोगों की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने कुत्ते की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और इस तरह की लापरवाही को गलत बताया।
बाद में जया ने एक और वीडियो शेयर कर जानकारी दी कि कुत्ते को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने रेस्क्यू में मदद करने वाले सभी लोगों और पुलिसकर्मियों का धन्यवाद करते हुए लिखा कि यह एकता की ताकत है। जया भट्टाचार्य टीवी की अनुभवी अभिनेत्री हैं। वह ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘थपकी प्यार की’ और ‘देवों के देव… महादेव’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं। अभिनय के अलावा वह लंबे समय से पशु कल्याण से जुड़े कार्यों का समर्थन करती रही हैं और घायल व बेसहारा जानवरों की मदद के लिए भी सक्रिय रहती हैं।
